संकेत बिंदु – (1) मानव की अनंत इच्छाएँ (2) चाह जीवन के उत्कर्ष का द्वार (3) महान संकल्प ही महान फल का जनक (4) महापुरुषों व विद्वानों की चाह (5) उपसंहार।
ऐसा मनोवेग जो मनुष्य को कोई ऐसी वस्तु प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है, जिससे उसे संतोष या सुख मिल सकता हो, उसकी प्राप्ति में बाधक तत्त्वों के निवारणार्थ वह मार्ग निकाल ही लेता है। प्रेमपूर्वक किसी को चाहने की अवस्था में उत्पन्न बाधाओं को दूर करने के लिए पथ निकल ही आता है। किसी कार्य को करने के लिए जब मनुष्य कटिबद्ध हो जाए तो उसे संपन्न करने के लिए कोई न कोई उपाय वह ढूँढ ही लेता है।
मानव की चाह (कामना) आकाश के समान अनंत है। ऋग्वेद इस अनंत चाह का समर्थन करते हुए कहता, ‘पुलुकामो हि मर्त्यः’ अर्थात् मनुष्य विभिन्न कामनाओं, चाहों से घिरा रहता है। मनुस्मृति तो एक पग आगे बढ़ाते हुए कहती है कि ‘मनुष्य जो कुछ करता है, वह सब इच्छा (चाह) के कारण है (तत्तत् कामस्य चेष्टितम्)। महाकवि कालिदास कुमारसंभव में इसी बात का समर्थन करते हैं, ‘मनोरथानामगतिर्न विद्यते ‘ (कामनाओं की कोई सीमा नहीं) अर्थात् कामनाएँ कभी समाप्त नहीं होतीं।
महाकवि प्रसाद कामायनी में कहते हैं-
“प्यासा हूँ मैं अब भी प्यासा हूँ, संतुष्ट ओघ से मैं न हुआ।
आया फिर भी वह चला गया, तृष्णा को तनिक न चैन हुआ।।”
मनुष्य जीवन में चाह क्यों? इच्छा क्यों? कामना क्यों? क्योंकि पशु और मानव में विवेक तत्त्व का अंतर है। मानव, मानव इसलिए है कि वह सोचता है, समझता है, चिंतन-मनन करता है। यह सोच-समझ, चिंतन-मनन ही चाह को, मनोरथ विशेष को जन्म देता है। आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी कहते हैं, ‘आंतरिक प्रवृत्तियों का मंगलमय सामंजस्य बाहर मनोरथ-सौंदर्य के रूप में प्रकट होता है।’ सच्चाई यही है कि चाह जीवन के उत्कर्ष का द्वार खोलती है, सुख-सौभाग्य की वर्षा करती है और मंगलमय जीवन का अभयदान देती है।
प्रत्येक नवयुवक की चाह है कि विश्व सुंदरी या सिने जगत की अप्सरा उसकी बीबी हो। हर व्यक्ति की चाह है कि संसार की समस्त समृद्धि और संपूर्ण ऐश्वर्य उसके चरणों में पड़े हों। हर धार्मिक प्रवृत्ति व्यक्ति की चाह है कि ‘देहांते तव सान्निध्यम्’ (मोक्ष) प्राप्त हो। हर सामाजिक व्यक्ति की चाह है कि समाज में प्रभु रूप के दर्शन हों। हर राजनीतिक की चाह है कि राष्ट्र का प्रधानमंत्री मैं ही बनूँ। यह असंभव है। बहादुरशाह ‘जफर’ रोकर कहते हैं-
“कह दो इन हसरतों से कहीं और जा बसें।
इतनी जगह कहाँ है, दिले दागदार में॥”
तब यह कहना कि जहाँ चाह है, वहाँ राह निकल आती है असत्य है, शेख चिल्ली की कल्पना है, जीवन में कभी नहीं पूरी होने वाली मुराद है। इमली के पेड़ पर बारात का डेरा डालना है। शेर का सुई की नोंक से निकल जाता है।
प्रेमचंद जी कहते हैं, ‘हाय रे मनुष्य के मनोरथ (चाह) ! तेरी भित्ति कितनी अस्थिर है। बालू की दीवार तो वर्षा में गिरती है, पर तेरी दीवार तो बिना पानी बूँद के ढह जाती है। आँधी में दीपक का कुछ भरोसा किया जा सकता है, पर तेरा नहीं।’ इसी अविश्वास के क्षणों में यह संभव भी है। ‘चाह’ की व्याख्या की तो पहली शर्त है मनोवेगों की प्रेरणा, दूसरी शर्त है संतोष और सुख। ये शर्तें पूरी होंगी तो राह निकल आएगी। संतोष और सुख के प्राप्त्यर्थ जब मनोवेग प्रेरित होंगे तो मन में प्रबल इच्छा शक्ति जागृत होगी और वह दृढ़ संकल्प धारण करेगा। आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी का कहना है, ‘महान संकल्प ही महान फल का जनक होता है।’ कहावत भी प्रसिद्ध है, जिन खोजा तिन पाइयाँ गहरे पानी पैठ। ‘गहरे पानी पैठ’ अर्थात् घोर प्रयत्न कर।
छत्रपति शिवाजी की चाह थी औरंगजेब की कैद से भाग निकलने की। राह निकली, मिठाई के टोकरे में छुपकर निकल भागे। घर में कैद सुभाषचंद्र बोस की चाह थी ब्रिटिश हकूमत के विरुद्ध जंग छेड़ने की राह निकली, पठान वेश में घर से निकले और ‘आजाद हिंद फौज’ का निर्माण कर ब्रिटिश राज्य पर सशस्त्र आक्रमण करने में सफल हुए। ऊधम सिंह की चाह थी जलियाँवाला बाग के हत्यारे जनरल डायर से बदला लेने की। वह ब्रिटेन गए और लंदन में जाकर उसे गोली मार दी। वीर सावरकर की चाह थी काले पानी की जेल में काव्य-रचना करने की। काल कोठरी की दीवारों पर लिख-लिखकर, राह निकाली।
मूर्ख कालिदास की चाह थी, पत्नी से अपने गृह निष्कासन का बदला लेने की। राह निकली, संस्कृत-साहित्य-शिरोमणि बन पत्नी को आश्चर्यचकित कर दिया। पत्नी पर सर्वाधिक आसक्त रामबोला रत्नावली के धिक्कारमय कथन को साकार करने की चाह लेकर ससुराल से निकला। राह निकली। तुलसीदास बन वह न केवल स्वयं राममय बना, अपितु समस्त हिंदू-जगत को ‘सीयाराम मय’ बना दिया। पति-प्रेम से ऊब कर महादेवी वर्मा का मन साहित्य-सर्जन की चाह करने लगा। राह निकली। छायावाद – रहस्यवाद की स्तंभ बनकर वे साहित्याकाश में चमकीं।
कोशकार ने ‘प्रेम या स्नेहपूर्वक किसी को चाहने की अवस्था या भाव’ को भी ‘चाह की संज्ञा दी है। जब व्यक्ति अपने प्रेमी की चाहना करता है तो राह निकल आती है। प्रेमी- प्रेमिका का मंगलमय मिलन हो जाता है। पार्वती की चाह थी शिव को पति के रूप में वरण करने की। तप के मार्ग (राह) से उसने भगवान शंकर को पति रूप में प्राप्त कर लिया। सीता की चाह थी श्री राम के गले में वरमाला डालने की। नरेशों की असफलता और श्री राम के पराक्रम से राह निकली और ‘सीय जयमाल राम डर मेली।‘ चाह का कोशगत अर्थ है, ‘इच्छा, लालसा’ पर उसकी व्याख्या है, ‘वह मनोवेग जो मनुष्य को कोई ऐसी वस्तु प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है, जिससे उसे संतोष या सुख मिल सकता हो।’ यह व्याख्या स्वतः ‘राह’ का मार्ग प्रशस्त करती है। मन की कामना पूर्ण कर आत्म-सुख का सर्जन करती है।