भारत के गाँव

bharat ke gaon par ek hindi nibandh

संकेत बिंदु-(1) भारत गाँवों में निवास करता है (2) गाँवों की दुर्दशा के मुख्य कारण (3) गाँवों की समस्याएँ (4) आधुनिक युग में गाँवों का बदलता स्वरूप (5) उपसंहार।

भारत माता ग्रामवासिनी है। भारत की 85 प्रतिशत जनता गाँवों में रहती है, अतः भारत के गाँव भारत की आत्मा हैं, भारतीय जीवन के दर्पण हैं, भारत की संस्कृति और सभ्यता के प्रतीक हैं।

भारतीय गाँव प्रकृति का वरदान हैं। प्राकृतिक सुषमा के घर हैं, भारत के निवासियों के लिए अन्न, फल-फूल, साग-सब्जी, दूध-घी के प्रदाता हैं। खेतों के लिए कृषकों के साथ ही सेना को सैनिक, पुलिस को सिपाही और श्रमिक-प्रतिष्ठानों को मजदूर गाँवों से ही मिलते हैं।

दूसरी ओर, भारतीय गाँव देश की सबसे पिछड़ी बस्ती हैं। दरिद्रता की साकार प्रतिमा हैं। अज्ञान और अशिक्षा की धरती हैं। रोग और अभावों के अड्डे हैं। ईर्ष्या और द्वेष के अग्नि कुंड हैं। शिक्षालयों और औषधालयों की पहुँच के परे हैं। मुकद्दमेबाजी के अखाड़े हैं।

गाँवों की दुर्दशा का मुख्य कारण है अशिक्षा। अशिक्षा अज्ञान की जननी है। अज्ञान अंधकार का पथ-प्रदर्शक है, ईष्या-द्वेष का सहयोगी है। दूसरे के खेत का पानी अपने खेत की ओर मोड़ लेना, दूसरे की कटी फसल अपने खेत में डाल देना, दूसरे के हरे-भरे खेतों में अपने पशु छोड़ देना किसान की अज्ञानता के प्रतीक हैं। दूसरी ओर जिससे वैर हो उसके पशु हँकवा देना, खलियान फूँक देना, घर में सेंध लगवा देना, यहाँ आम प्रवृत्ति है। बात-बात में झगड़ना, लट्ठ बरसाना, भाले-फरसे निकाल लेना ग्रामीणों का स्वभाव बन गया है।

अज्ञानता का ही दुष्परिणाम है कि सेठ साहूकार ग्रामवासियों को लूटते हैं। पाँच देकर दस पर अंगूठा टिकवाते हैं। सूद में उसके कपड़े उतारते हैं और मूल में उनको बंधुवा मजदूर बना लेते हैं। जन्मोत्सव, शादी तथा अन्य धार्मिक और पारिवारिक उत्सवों में ग्रामीणजन झूठी शान में चादर से बाहर पैर पसारते हैं। अपने भविष्य के अंधकार को निमंत्रण देते हैं। अपना भला बुरा सोचने की ताकत उनमें नहीं है।

भारतीय गाँव सभ्यता और आधुनिक सुख-सुविधा से कोसों दूर हैं। अपवाद रूप में कुछ पक्के मकानों को छोड़कर कच्चे मकान और झोंपड़ियाँ वहाँ के निवास स्थान हैं। स्वच्छ पेय जल का वहाँ अभाव है। मल-मूत्र की विधिवत् निकासी नहीं है। गाँव में गड्ढे सड़ते हैं, दुर्गंध पैदा होती है। बिजली के लाभ से वे वंचित हैं।

गाँव में चिकित्सालय नहीं। प्रशिक्षित डॉक्टर नहीं, क्वालिफाइड नर्स नहीं। नीम हकीमों का राज्य है, जो खतरा-ए-जान हैं। जादू-टोने आज भी ग्रामवासियों में स्वस्थ रहने की औषध है। गंडा-ताबीज उनके स्वास्थ्य के प्रहरी हैं, भाग्य-विधाता हैं। इसीलिए छोटे-छोटे रोग भी गाँव में मृत्यु का कारण बन जाते हैं॥

अब भारतीय गाँवों में नई चेतना, नई ज्योति, नया जीवन भी आया है। आर्थिक शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए सहकारी बैंक स्थापित हुए। जमींदारी प्रथा का अन्मूलन हो गया है। जमींदारों की जमीन छीनकर किसानों में बाँट दी गई। भूदान यज्ञ ने किसान को भूमि का मालिक बनाया। भूमि-कानून लागू कर भूमि सीमा निश्चित कर दी गई। छोटे खेतों की समस्या का समाधान चकबंदी तथा सहकारी खेतों द्वारा किया गया। फसल को शहर तक पहुँचाने के लिए गाँव को पक्की सड़कों से जोड़ा गया। ऋण देकर ट्रैक्टर दिए, कर्ज देकर सुंदर बीज दिया, उर्वरक खाद दी। गाँव को शिक्षित करने के लिए रेडियो और दूरदर्शन से फसल उगाने की विधियाँ और ग्राम्य-जीवन सुधार कार्यक्रम चल रहे हैं। ग्राम सेवक-सेविकाएँ ग्रामवासियों के लिए देवदूत हैं, जो उनकी हर संभव सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। कृषि उन्नति के लिए कृषि विश्वविद्यालय स्थापित हो गए हैं।

ग्रामीण युवाओं की स्वरोजगार प्रशिक्षण योजना, ग्रामीण शिल्पकारों की सुधार-योजना, ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों की विकास योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता योजना, जवाहर रोजगार योजना, इंदिरा आवास योजना, रोजगार गारंटी योजना तथा पंचायतीराज योजनाओं द्वारा गाँवों की सामाजिक और आर्थिक उन्नति के प्रयत्न सरकार द्वारा चलाए जा रहे हैं।

आज ग्रामों से अशिक्षा का अंधकार दूर होता जा रहा है। गाँव-गाँव में प्राथमिक, माध्यामिक विद्यालयों का जाल बिछा है। कस्बों में हाई स्कूल खुल गए हैं, नगरों में कॉलेज खुल गए हैं। विश्वविद्यालय की शिक्षा ग्रामवासी की पहुँच में आ गई है। बिजली ने गाँवों में प्रकाश फैलाया, रेडियो और दूरदर्शन ने ज्ञानवर्धन किया और जगती से गाँव का संबंध स्थापित किया। बुद्धिमान्, चतुर और समझदार ग्रामवासी इन योजनाओं से लाभान्वित हो सभ्यता की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं। पढ़-लिखकर उच्च पदों पर पहुँच रहे हैं।

ग्रामीण उन्नति और प्रगति का दूसरा चेहरा भी सामने आया है। विभांशु दिव्याल के शब्दों में, ‘पचास साल की आजादी ने राजनीतिक नेतृत्व, प्रशासनिक प्रणालियों और सामाजिक संरचनाओं को जिस तरह से भ्रष्टाचार, गुंडई और मर्यादाविहीनता के हवाले किया है उसकी सबसे ज्यादा कीमत गाँवों ने चुकाई है। लाठी पहले से भी ज्यादा मजबूत हो गई है। जो सबल है उसने निर्बल को और अधिक निर्बल बना दिया है। जो बलात्कार कर जाता है, जो हत्या कर देता है और जो अपने बाहुबल से किसी औरत को सरे गाँव नंगा घुमा देता है, उस तक पहुँचने में कानून की साँस फूल जाती है। यहाँ भ्रष्टाचार उन्मुक्त है, अनाचार निर्बाध।’

About the author

हिंदीभाषा

Leave a Comment

You cannot copy content of this page