इंग्लैंड : रॉबिन्सन क्रूसो के रचयिता
जन्म : 1660
मृत्यु : 1731
डेनियल डिफो (Daniel Defoe) से ज्यादा प्रसिद्ध नाम आज ‘रॉबिन्सन क्रूसो’ (Robinson Crusoe) का है। जो वास्तव में इस अमर कथाकार की लेखनी की ही उपज है। स्कॉटलैंड के एक अन्वेषक अलेक्ज़ांडर सेलकर्क के जीवन की सत्य घटनाओं के आधार पर लिखी गई यह संभवतः विश्व की सर्वाधिक प्रसिद्ध कथाकृति है। इसे पढ़ने वाले अब भी रॉबिन्सन के रूप में अपनी कल्पना करते हैं। डेनियल डिफो अपनी इस एक कृति के कारण ही विश्व में अमर हो गए हैं। उन्होंने कई पुस्तकें लिखीं किन्तु उनमें ‘रॉबिन्सन क्रूसो’ ने ही विश्व में प्रथम स्थान बनाया। इसका कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। डिफो की अन्य महत्त्वपूर्ण कृतियाँ हैं, ‘दि फारचून एंड मिसफारचून ऑफ माल फ्लैंडर्स’, ‘दि जर्नल ऑफ प्लेग इयर’, ‘दि लाइफ एंड एडवेंचर ऑफ मिस्टर डंकन कैंपबेल’, ‘दि न्यू वायजेज राउंड दि वर्ल्ड’ एवं ‘ए टूर थ्रू दॅ होल आइलैंड ऑफ ग्रेट ब्रिटेन’।
डेनियल डिफो का जन्म इंग्लैंड में हुआ था। लंदन में उन्होंने शिक्षा पाई थी और अपने अध्ययन काल में ही वे छोटी-छोटी पुस्तकें लिखने लगे थे। अपने समय के इस महान् लेखक ने सैकड़ों निबंध पैम्फलेट तथा पुस्तकों आदि का लेखन किया था। अपनी प्रतिक्रियाओं की तीव्र अभिव्यक्ति के कारण उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा था। उन्होंने अपने साहित्य में रोमांचक तत्त्वों की भरमार कर दी और एक ऐसी कृति भी तैयार की जिसे कभी नहीं भूला जा सकता। वे 71 वर्ष तक जीवित रहे।
डिफो का साहित्य एक नए जगत की सृष्टि करता है। ‘रॉबिन्सन क्रूसो’ के रूप में उन्होंने विश्व को एक ऐसी अद्भुत कृति दी है जो लोकप्रियता में अपनी तुलना नहीं रखती।