जर्मनी: अमर संगीतकार
जन्म: 1685
मृत्युः 1750
योहेन सेबेस्टियन बाख 18वीं सदी के प्रख्यात संगीतज्ञ रहे हैं। वे विश्व के महानतम संगीतकारों में से के माने जाते हैं। 1985 में उनकी 300वीं जन्म शताब्दी सारे विश्वभर में धूमधाम के साथ मनाई गई थी और उनकी संगीत संरचनाओं की पुनः प्रस्तुति की गई थी। बाख की गणना दुनिया के दो अन्य महान संगीतज्ञों बीथोवन और मोजार्ट के साथ की जाती है। बाख लिपजिंग में 27 वर्षों तक संगीत निर्देशक रहे थे और उन्होंने 200 से अधिक वाद्य संगीत रचनाएँ तैयार की थीं। इनमें ‘मास इन बी माइनर’ (Mass in B Minor), ‘सैंट मैथ्य पैशन’ (St.Mathew Passion) आदि सहगान विशेष प्रसिद्ध हैं। ‘ब्रेन्डेनबर्ग कॉन्सेर्टो’ (Brandenberg Concertos) नामक उनकी छह संगीत रचनाएँ अत्यधिक लोकप्रिय तथा विख्यात हैं। बाख ने धार्मिक संगीत रचनाओं को विशेष रूप से विकसित किया था। ‘द वेलटेंयर्ड क्लावियर’ तथा ‘सी मेजर’ भी उनकी प्रमुख रचनाएँ हैं। उन्होंने 200 से अधिक वाद्य-रचनाएँ की थीं । बाख की स्मृति में अन्य देशों के साथ भारत ने भी डाक टिकट जारी किए हैं।
बाख का जन्म 21 मार्च, 1685 को आइसनाख (जर्मनी) में हुआ था। उनका पूरा परिवार संगीत का ज्ञाता तथा प्रेमी था अतः संगीत की ओर उनका स्वाभाविक झुकाव था। धार्मिक संगीत में उनकी विशेष रुचि थी। उनके 20 बच्चे थे। बाख की मृत्यु लिपजिंग (जर्मनी) में हुई । जीवन की उत्तरावस्था में उनकी दृष्टि जाती रही थी। उन्हें सम्राट फ्रेड्रिक ने भी अपने यहाँ आमंत्रित किया था। बाख अनेक दुर्लभ एवं लोकप्रिय वाद्य – रचनाओं के जनक हैं तथा विश्व में संगीत के एक अग्रगण्य एवं अमर रचनाकार माने जाते हैं।