Personalities

स्वामी विवेकानंद

भारत : अध्यात्म का आलोकित दीप

जन्म : 1863

मृत्यु : 1902

एक युवा संन्यासी के रूप में भारतीय संस्कृति की सुगंध विदेशों में बिखेरने वाले विवेकानंद साहित्य, दर्शन और इतिहास के प्रकाण्ड विद्वान थे श्री रामकृष्ण परमहंस से प्रभावित होकर वे आस्तिकता की ओर उन्मुख हुए थे और 1890 से उन्होंने सारे भारत में घूम-घूम कर ज्ञान की ज्योति जलानी शुरू कर दी। 31 मई,1893 को वे शिकागो (अमेरिका) में ‘सर्वधर्म सम्मेलन’ में भाग लेने के लिए गए। 11 सितंबर को उन्होंने वहाँ अपना वह ऐतिहासिक भाषण दिया जिसके समक्ष विश्व के मनीषियों का सिर श्रद्धा से झुक गया। 1895 में वे इंग्लैंड रवाना हुए और वहाँ भी भारतीय धर्म और दर्शन का प्रसार किया। 1897 में भारतीयों की सेवा के लिए उन्होंने भारत में ‘रामकृष्ण मिशन’ (Rama Krishna Mission) की स्थापना की तथा अमेरिका में उन्होंने ‘वेदांत सोसायटी’ (Vedant Society) एवं ‘शांति आश्रम’ की स्थापना की। विवेकानंद ने सदैव भारतीयों को अपनी संस्कृति और राष्ट्रीयता का सम्मान करने की प्रेरणा दी।

स्वामी विवेकानंद का वास्तविक नाम नरेन्द्रनाथ था। उनका जन्म 12 जनवरी, 1863 को कलकत्ता (प. बंगाल) में हुआ था। 16 वर्ष की आयु में उन्होंने कलकत्ता से (1879 में) एंट्रेस की परीक्षा पास की। अपने शिक्षा काल में वे सर्वाधिक लोकप्रिय और एक जिज्ञासु छात्र थे किन्तु हर्बर्ट स्पेंसर (Herbert Spencer) के नास्तिकवाद का उन पर पूरा प्रभाव था । श्री रामकृष्ण परमहंस से मिलकर वे महान आस्तिक ‘विवेकानंद’ में बदल गए। परमहंस जी के अवसान के बाद उन्होंने भारतीय अध्यात्म एवं मानवप्रेम के प्रचार का दायित्व अपने कंधों पर उठा लिया। इस महाओजस्वी और युवा व्यक्तित्व का 8 जुलाई, 1902 को अल्पायु में ही महाप्रयाण हो गया।

‘योग’, ‘राजयोग’ तथा ‘ज्ञानयोग’ जैसे ग्रंथों की रचना करके विवेकानंद ने युवा जगत को एक नई राह दिखाई है जिसका प्रभाव जनमानस पर युगों-युगों तक छाया रहेगा। कन्याकुमारी में निर्मित उनका स्मारक आज भी उनकी महानता की कहानी कह रहा है।

About the author

हिंदीभाषा

Leave a Comment

You cannot copy content of this page