इंग्लैंड : क्रिकेट के पितामह
जन्म 1848 मृत्यु : 1915
क्रिकेट जगत में डब्ल्यू. जी. ग्रेस का स्थान किसी इतिहास-पुरुष से कम नहीं है। उनके समक्ष किसी भी बड़े खिलाड़ी को तुलना के लिए नहीं रखा जा सकता। अपने क्रिकेट जीवन में उन्होंने 54986 रन बनाए, 2876 विकेट लिए, 871 कैच लिए एवं 126 शतक बनाए। अट्ठाइस बार 1000 एवं छह बार 2000 रन एक ही सीज़न में बनाने का श्रेय भी मात्र ग्रेस को ही प्राप्त है।
डा. ग्रेस का जन्म 18 जून, 1848 को ब्रिस्टल (ब्रिटेन) में हुआ था। व्यवसाय से वे चिकित्सक थे। उनका सारा परिवार ही क्रिकेट को समर्पित था। 1864 से ग्रेस ने अपना क्रिकेट जीवन आरंभ किया और प्रथम दो वर्षों में ही वे चोटी के खिलाड़ी बन गए थे। 1870 के बाद से उन्होंने इंग्लैंड के लिए खेलना आरंभ कर दिया था। अगले 41 वर्ष तक वे खेल जगत पर पूरी तरह छाए रहे। जहाँ भी वे जाते उनको वीरोचित सम्मान दिया जाता। 1873-76 के वर्ष उनकी स्वर्णिम उपलब्धियों से परिपूर्ण थे। 1895 तक वे 100 से अधिक शतक (centuries) बना चुके थे। वे कई बार टैस्ट श्रृंखलाओं में इंग्लैंड की टीम के कप्तान रहे और शक्तिशाली और आक्रामक बल्लेबाज़ के रूप में विख्यात हो गए।
विलियम गिलबर्ट ग्रेस के कीर्तिमान विस्मयजनक ही नहीं, असंभव से भी लगते हैं, फिर भी वे सत्य हैं। उनकी उपलब्धियाँ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अविस्मरणीय रहेंगी। क्रिकेट क्षेत्र में ग्रेस को अभी भी स्नेह से केवल डब्ल्यू.जी. कहा जाता है।